आक्सीडेशन से जल का रंग हो रहा पीला
ललितपुर। कलक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित द्वितीय अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक में अब तक की कार्रवाई का प्रस्तुतीकरण किया गया। इस दौरान डीएम ने खराब हैंडपंपों को चिह्नित करते हुए उन्हें निष्प्रयोज्य करने के निर्देश डीपीआरओ को दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मायाराम ने बताया कि विद्यालयों में रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, प्रार्थना सभाओं में छात्र/छात्राओं को स्वास्थ्य शिक्षा की जानकारी दी जा रही है। संचारी रोगों से बचाव के लिए क्या करें, क्या न करें, इसके लिए जागरूक किया जा रहा है। नगर में पीले जल की आपूर्ति के संबंध में संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा के नोडल अधिकारी डा. राजेश भारती ने बताया कि जल में शैवाल के ऊपरी सतह पर आने के उपरांत आक्सीडेशन होने से जल का रंग पीला हो जाता है जो कुछ समय पश्चात स्वच्छ जल में परिवर्तित हो जाता है। वहीं, जल के नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला में भेजा गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस के समन्वय से ग्राम पर रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। नगर पालिका ईओ अवनींद्र कुमार ने बताया कि नालियों की सफाई कराई जा रही है तो रोस्टर बार फागिंग की जा रही है। बैठक में एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, अपर चिकित्सा अधिकारी डा. मुकेश दुबे, डॉ. जेएस बक्सी, डा. हुसैन खान, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, केएस सिंह यादव, डॉ. राजकुमार सोनी, परियोजना निदेशक बलिराम वर्मा, डीपीओ पुष्पा वर्मा, डा. देशराज उपस्थित रहे।