तालबेहट(ललितपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गांव बम्होरीसर स्थित हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह बेकाबू कार की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कार में सवार युवक को पीट दिया और हाईवे पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे तक लगे जाम से हाईवे पर वाहनों की कतारें लग गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदगुवां भोपालपुरा निवासी उदल (22) पुत्र गोविंद ढीमर अपने भतीजे अरविंद कुमार कोमल के साथ सिंगाड़ा बेचने के लिए ललितपुर जाने वाली बस के इंतजार में हाईवे पर खड़ा था। उसी समय बाइक से बम्होरीसर निवासी कुलदीप (26) पुत्र जसवंत सिंह लोधी और रूपेश पुत्र निर्बल सिंह लोधी आए और उदल से बात करने लगे।
इस दौरान झांसी से ललितपुर की ओर तेज गति से जा रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसके बाद कार आगे खड़े उदल को टक्कर मारते हुए पेड़ से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उदल और कुलदीप की मौत हो गई। वहीं रूपेश और अरविंद घायल हो गए। घायलों को तत्काल सीएचसी तालबेहट भेज दिया गया।
घटना से गुस्साए लोगों ने कार में सवार युवक की जमकर धुनाई कर दी। ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर उपजिलाधिकारी अमित कुमार भारतीय, क्षेत्राधिकारी इमरान अहमद, तहसीलदार अभिमन्यु कुमार, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझा बुझाकर ग्रामीणों का शांत कराया। तब लगभग एक घंटे बाद यातायात शुरू हो सका। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, एक गंभीर
तालबेहट। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को ग्राम टेकरी के निकट ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी लाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत होने पर डॉक्टर ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पवा के मजरा खैराई निवासी सोनू (25) पुत्र सुरेश और उसका साथी रत्तू (24) पुत्र नारायण ग्राम पवा से बिजली के खंभे ट्रैक्टर ट्राली में रखकर ललितपुर जा रहा था। उसी दौरान ग्राम टेकरी के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके नीचे दबकर चालक सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी रत्तू गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे परिवार में शोक छा गया। मृतक सोनू का एक पांच वर्षीय पुत्र बताया गया है।