संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में चल रही डॉ. वृंदावन लाल वर्मा लीग कम नॉक क्रिकेट प्रतियोगिता में एलवीएम हॉकी अकादमी और दातार नगर परवई टीम ने प्रतिद्वंदी टीमों को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के पहले मैच में एलवीएम क्रिकेट अकादमी के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी नगरा हाईलैंडर टीम ने 20 ओवर में 115 रन बनाए। इसमें बल्लेबाजी करते हुए देवेंद्र और विवेक सिंह ने 26-26 रन का योगदान दिया। एलवीएम क्रिकेट अकादमी के संजय कुशवाहा ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलवीएम क्रिकेट अकादमी ने 13 ओवरों में एक विकेट खोकर जीत दर्ज की। बल्लेबाज कुशाग्र ने 80, मोहम्मद अली ने 28 रन बनाए।
दूसरा मैच दातार नगर परवई और डिस्टि्रक्ट बार एसोसिएशन के बीच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डिस्टि्रक्ट बार एसोसिएशन की पूरी टीम 11.5 ओवर में 40 रन ही बना सकी। दातार नगर की ओर से शिवम ने हैट्रिक लगाई। रिंकू कबूतरा ने तीन, धर्मेंद्र कंजर और अंकेश ने एक-एक विकेट हासिल किया। जवाब में दातार नगर परवई टीम ने 6.4 ओवर में 41 रन बनाकर सात विकेट से मैच जीत लिया।