ललितपुर। शहर के विभिन्न मोहल्लों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किया गया है। उपजिलाधिकारी केके सिंह ने कोरोना संक्रमित क्षेत्र के ढाई सौ मीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर पूरी तरह से सील कर दिया है। यहां पर किसी व्यक्ति को प्रवेश और बाहर जाने की अनुमति नहीं है। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में आवश्यक वस्तुएं सब्जी, दूध, फल की सप्लाई मोबाइल बैरियर तक की जाएंगी। शहर के मोहल्ला सिविल लाइन, घुसयाना, पिसनारी बाग, गांधीनगर पुरानी आईटीआई के पास, तालाबपुरा, रावरपुरा आदि मोहल्लों के संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किया गया है। कंटनेंमट जोन घोषित क्षेत्र में दो पहिया, चार पहिया वाहन व हाथठेला आदि का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। क्षेत्र में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात सेवाओं से जुडे व्यक्तियों को जांच होने के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।