कड़ेसराकलां-तालबेहट। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को सुबह करीब पांच बजे ग्राम कड़ेसराकलां में सड़क के किनारे सीमेंट की बोरियों से भरे खड़े एक ट्रक में कंटेनर चालक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जेसीबी मशीन और कटर की सहायता से मृतक को शव कंटेनर से बाहर निकाला गया।
सोमवार की सुबह करीब पांच बजे एक कंटेनर झांसी से ललितपुर की ओर जा रहा था। ग्राम कड़ेसराकलां के पहले कंटेनर चालक ने सड़क के किनारे सीमेंट की बोरियों से भरे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला भाग पूरी तरह से ट्रक के पिछले भाग में जा घुसा। जिसमें कंटेनर चालक जितेंद्र उर्फ कल्लू (38) पुत्र राजू प्रजापति निवासी रसूलाबाद जिला कानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव का बाहर निकालने की काफी कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बाद में पुलिस ने कटर मशीन और जेसीबी की मदद से शव को कंटेनर से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक के पास से मिले डीएल व अन्य कागजों से उसका नाम व पता जानकर सूचना उसके परिजनों को भजने के बाद पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कई हादसे हो चुके है इस स्थान पर
राजमार्ग पर कड़ेसराकलां की पहाड़ी से बेतवा पुल तक का मार्ग डेंजर जोन के नाम से पूरे क्षेत्र में जाना जाता है। इस स्थान पर आए दिन मार्ग दुर्घटनाएं होती रहती है। लेकिन जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है । यह सबसे खतरनाक क्षेत्रों में आता है। इस स्थान पर पिछले चार माह में कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं।