संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यहां के मुख्य मार्ग का निर्माण प्रस्ताव तक सीमित रह गया। पीडब्ल्यूडी ने इस साढ़े तीन किलोमीटर रास्ते के निर्माण का प्रस्ताव बनाकर भेजा था, लेकिन इसे अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई। सदर कांटा से घंटाघर होकर सावरकर चौक से गोविंद सागर बांध के तिराहा तक लोगों को हिचकोले खाना पड़ रहा है।
मुख्य मार्ग मन्नू पेट्रोल पंप से शुरू होकर गल्लामंडी, इलाइट चौराहा, घंटाघर से नदीपुरा, ढुराबाजार से गोविंद सागर बांध तिराहा तक है। इसकी लंबाई लगभग सात किलोमीटर है। शहर के प्रमुख चौराहे सदर कांटा से घंटाघर होकर नदीपुरा से ढुराबाजार होते हुए बांध तिराहा तक लगभग साढ़े तीन किलोमीटर मार्ग का निर्माण नहीं हो पाया है। सड़क के इस जर्जर टुकड़े के गड्ढों को हर साल भरकर विभाग इतिश्री कर लेता है। अब इस पर चलना मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर पैच उखड़ने लगे हैं। ढुराबाजार से बांध तिराहा तक सड़क की हालत काफी खराब है।
-
सदर कांटा से बांध तिराहा तक साढ़े तीन किलोमीटर के निर्माण के लिए लगभग साढ़े तीन करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। लेकिन, अभी तक इसकी स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
- वीपीसिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड