एसडीएम को ज्ञापन सौपते कांग्रेसी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस और एनएसयूआई ने घंटाघर के प्रांगण में उन्नाव की बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश के सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। खून से राष्ट्रपति के नाम पत्र लिखकर आरोपियों को फांसी देने की मांग की। युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अंकित यादव ने आरोप लगाया कि उन्नाव की बेटी जो रायबरेली पेशी के लिए जा रही थी, उसे जमानत पर छूटे अपराधियों ने षड्यंत्र के तहत घेर लिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे पीड़िता की मृत्यु हो गई। अपराधियों को इस मामले में सख्त से सख्त सजा दी जाए। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रितिक शुक्ला (मोंटी) ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और महिलाओं के सम्मान की बात करती है, जबकि बलात्कार की घटनाओं से देश शर्मसार हो रहा है। सरकार ठोस निर्णय नहीं ले रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री चुप्पी नहीं तोड़ रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत, नगर अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा, प्रदीप रिछारिया, उवेश खान, मोहम्मद आसिफ खान, अंकित यादव, संजय यादव, कुलदीप पाठक, वीरेंद्र रजक, रोहित कुशवाहा, बृजेश पाल, मुकेश रजक, जहीर रानू, शिवांश तिवारी, पुष्पेंद्र उपस्थित रहे।