ललितपुर। आगासौद-बीना रेल खंड पर तीसरी रेल लाइन का काम पूरा हो चुका है और यहां आगासौद में यार्ड रिमॉडलिंग का काम भी अंतिम चरण में चल रहा है। अब आगासोद–बीना रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन के विद्युतीकरण एवं रेल संरक्षा से संबंधित कार्य के तहत आज बारह अक्तूबर को उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज प्रमुख मुख्य विद्युत अभियंता द्वारा स्पीड ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद अगले दिन 13 अक्तूबर को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने आसपास के नागरिकों से अपील की है कि वे रेलवे की विद्युत लाइनों एवं खंभों से दूर रहें, रेलवे लाइन के पास न जाएं और अनधिकृत रूप से रेलवे लाइन पार न करें। साथ ही, अपने मवेशियों को भी रेलवे लाइन से दूर रखें। 13 अक्तूबर को निरीक्षण के बाद रेल संरक्षा आयुक्त की हरी झंडी मिलने के बाद तीसरी रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन निर्धारित तय स्पीड के साथ शुरू हो जाएगा। यह जानकारी रेलवे झांसी, पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने दी है।