शहर में फीडर क्रमांक चार व पांच के संयोजनधारी उपभोक्ताओं की हर खंभे के हिसाब से बिजली चेकिंग की जा रही है। अधिशासी अभियंता प्रशांत सिंह के निर्देश पर खंभे पर कनेक्शनों की संख्या और अनाधिकृत रूप से बिजली जलाने वालों की जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार की सुबह क्षेत्र में बिजली चेकिंग टीम पहुंचने पर बहुत से उपभोक्ताओं ने तो अपने बिल दिखा दिए और बकाया होने पर बिलों का भुगतान अदा कर दिया, लेकिन बहुत से लोग घर से ही नहीं निकले और यदि घर से निकले भी तो उनके बच्चे। कई लोगों के घरों से महिलाएं व बच्चे निकले। घर में कोई नहीं है, बिल पापा के पास है कहकर दरवाजे बंद कर लिए। हालांकि, ऐसे बहुत से उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। विभागीय टीम ने चांदमारी क्षेत्र में कुल 82 उपभोक्ताओं के संयोजन चेक किए, जिसमें 17 लोगों के घर नए मीटर लगाए गए और आठ किलोवाट लोड बढ़ाया गया। वहीं, 5.30 लाख रुपए के बकाएदार 12 उपभोक्ताओं के संयोजन काट दिए गए। विभाग द्वारा 3.80 लाख रुपए की राजस्व वसूली की गई।