संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत सोमवार को यातायात पुलिस ने जागरुकता और चेकिंग अभियान चलाया। यातायात नियमों का पालन करने वाले चालकों को गुलाब का फूल दिया, जबकि उल्लंघन करने वालों का चालान काटा गया।
क्षेत्राधिकारी यातायात अजय कुमार के नेतृत्व में यातायात प्रभारी आलोक तिवारी ने टीम के साथ विभिन्न चौराहों, तिराहों पर जागरुकता अभियान चलाया। यातायात सीओ ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। हेलमेट, सीटबेल्ट लगाकर वाहन चलाने वाले चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया। अन्य लोगों को भी हेलमेट व सीटबेल्ट लगाने को प्रेरित करने की बात कही।