ललितपुर। शहर में सिविल लाइन से घुसयाना बस स्टैंड का नाला दुकानों के अतिक्रमण में छिप गया है। इसकी शुरुआत में ही शौचालय का निर्माण कर दिया गया है। बची कसर बस स्टैंड पर पूरी हो गई है। यहां नाले के किनारे ही दुकानें रख ली हैं। कुछ स्थानों पर तो नाले पर ही दुकान लगा दी हैं। ऐसे में नालाें की सफाई का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है।
नगर में सिविल लाइन अभिलाषा पेट्रोल के पास से नाला निकला है। इसमें चर्च से जिला अस्पताल तिराहा नगर संसाधन केंद्र तक की नालियों का पानी एकत्रित होकर जाता है। यहां से शुरू होकर ये नाला घुसयाना के बस स्टैंड से जेल परिसर के पीछे से होकर ब्याना नाला में गिरता है। वर्तमान में नाला अतिक्रमण के चलते कई स्थानों पर गायब हो गया है। पेट्रोल पंप के पीछे नाले पर शौचालय तक का निर्माण कर अतिक्रमण कर दिया गया है। इसके अलावा आसपास के दुकानदार इसी नाला में कचरा फेंक देते हैं। वहीं, घुसयाना स्थित बस स्टैंड पर नाले के किनारे दुकानें सजा ली हैं। इससे नाला नजर तक नहीं आ रहा है। नाले में सभी दुकानदार समेत अन्य लोग कचरा डाल रहे हैं। वहीं, मार्ग में पुलिया के पास नाला पर ही खोखा रख लिया है। नाला के ऊपर और किनारे दुकानें होने से नाला की सफाई तक नहीं हो पा रही है। इससे नाला में गंदगी से दुर्गंध उठ रही है। इसके चलते बस स्टैंड के दुकानदार समेत चार हजार लोगों को दिक्कत हो रही है। इसके बाद भी जिम्मेदार अनदेखा कर रहे हैं।
ये बोले लोग
बस स्टैंड पर स्थित दुकानों के अंदर खड़े होने पर दुर्गंध उठ रही है। नाला की सफाई कराई जाए। - हाकिम सिंह यादव
बस स्टैंड पर नाला कहीं नजर नहीं आता है। इससे इसकी सफाई तक ठीक से नहीं हो पा रही है। - कपिल दुबे
सिविल लाइन से घुसयाना बस स्टैंड के नाला पर अतिक्रमण होने की जानकारी हुई है। अतिक्रमण हटवाकर सफाई कराई जाएगी। - दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, ललितपुर।