ललितपुर। बृहस्पतिवार को कोहरे की घनी चादर ने सुबह के समय शहर को ढक लिया। घना कोहरा होने से सड़कों पर वाहनों की गति धीमी हो गई। हालांकि, सुबह आठ बजे भगवान भास्कर की किरणें कोहरे को चीरते हुए बाहर निकलीं, तब जाकर लोगों ने ठंड से राहत पाई। मकर संक्रांति होने के कारण कई लोगों ने गर्म पानी से स्नान किया। छोटे-छोटे बच्चे सुबह दस बजे तक रजाई में दुबके रहे। तमाम लोग तब तक घर से बाहर नहीं निकले, जब तक धूप नहीं खिल गई। अधिक कोहरा में वाहन चालकों को दूर का स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। कई वाहन चालक लाइटों के सहारे धीमी गति से चले। कई वाहन तो दस से बीस किमी की गति से चले। दो पहिया वाहन चालकों ने भी सावधानी बरती।