महरौनी(ललितपुर)। धोखाधड़ी से फर्जी किसान एग्रो सोसाइटी (चिटफंड कंपनी) बनाकर 35 करोड़ की ठगी करने के मामले में महिला की सदमे से मौत हो गई। इससे नाराज खाताधारकों ने शुक्रवार को प्रदेश के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ का काफिला इंदिरा चौक पर रोक कर आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कस्बा की एक गरीब महिला ने किसी तरह से कंपनी अपनी बचत का रुपया जमा किया था। दो दिन पहले संचालक के भागने की खबर सुनते ही महिला की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। इसके जिम्मेदार कंपनी के संचालक व उसके परिजन हैं। मंत्री ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महरौनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक व राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ शुक्रवार शाम इंदिरा चौराहे से गुजर रहे थे तभी दर्जनों खाताधारकों ने उनके काफिले को रोक लिया। राज्यमंत्री ने गाड़ी से उतर कर उनकी पीड़ा सुनी। खाताधारकों ने कहा कि चिटफंड कंपनी में क्षेत्र के करीब 300 से 400 लोगों ने करीब 35 करोड़ रुपया जमा किया था। कंपनी के संचालक श्यामजी सेंगर व उसके परिजन और अन्य लोगों ने आश्वासन दिया था कि वह जमा पूंजी पर अच्छा ब्याज देंगे लेकिन ब्याज तो दूर अब उनकी रकम भी डूबती नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों में गांव दरोना निवासी श्यामजी सेंगर पुत्र चंद्रभान सिंह सेंगर, चंद्रभान सिंह सेंगर पुत्र तेज सिंह ,रविंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पुत्र चंद्रभान सिंह सेंगर, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष सिंह सेंगर पुत्र चंद्रभान सिंह सेंगर सहित आठ लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी तक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि कस्बा के मास्टर कॉलोनी निवासी मनवा पत्नी छक्की लाल सेन जो मडावरा रोड जैन मंदिर के पास सब्जी बेचा करती थी उसका लगभग तीन लाख रुपये चिटफंड कंपनी के संचालक श्यामजी सेंगर के पास जमा था जब उसे मालूम पड़ा कि उसके साथ ठगी हुई है तो अपना पैसा डूबने की बात सुनकर उसकी तबीयत खराब हो गई और हृदयाघात से दो दिन पहले महिला की मौत हो गई। खाताधारकों ने कहा कि महिला की मौत का जिम्मेदार चिटफंड कंपनी के संचालक श्यामजी सेंगर एवं उनके परिवारजन चंद्रभान सिंह, रविंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, आशुतोष सिंह सेंगर आदि हैं अत: उक्त लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए और आरोपियों को अति शीघ्र गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। उन्होंने खाताधारकों का जमा रुपया वापस दिलाने की मांग की।
बोले पार्टी जिलाध्यक्ष
चिटफंड कंपनी के संचालक श्यामजी सेंगर के भाई आशुतोष सेंगर पार्टी के मंडल अध्यक्ष हैं। जानकारी के अनुसार दोनों भाई अलग अलग रहते हैं। इसलिए आशुतोष का इस मामले में कोई लेना देना नहीं है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यदि आशुतोष जांच में दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ पार्टी स्तर से कार्रवाई की जाएगी।-राजकुमार जैन, जिलाध्यक्ष भाजपा