संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के बीचोबीच स्थित चंद्रशेखर उद्यान पार्क जिम्मेदारों की उदासीनता की भेंट चढ़ गया है। यहां आने वाले लोगों को अव्यवस्थाओं से जूझना पड़ रहा है। पार्क में न तो बैठने के लिए बेंच है और न ही पीने के लिए पानी। मूत्रालय की सफाई न होने से गंदगी का अंबार लगा है। महिला मूत्रालय का गेट तक खराब है, जो खुला रहता है। ऐसे में महिलाओं को दिक्कत हो रही है।
चंद्रशेखर उद्यान पार्क में अन्य जनपदों के भी लोग समय बिताने आते हैं। सुबह व शाम शहरवासी भी घूमने आते हैं। पार्क में सुबह से ही भीड़ रहती है। लोग रिश्तेदारों व अन्य लोगों से मिलने के लिए भी कंपनी बाग में आते हैं। लेकिन, पार्क में फुटपाथ के बगल में कहीं मिट्टी तो कहीं गड्ढे हैं। अंदर भी कुछ स्थानों पर गड्ढे हैं। चलने पर घास से पता नहीं चलता है, लेकिन इसमें पैर पड़ने पर कई लोगों को मोच तक आ चुकी है। चार बेंच में एक टूटी पड़ी है। लोग फुटपाथ व फव्वारा की दीवार पर बैठने को मजबूर हैं।
-
पानी के लिए है इकलौता नल
पार्क में लोगों को पानी पीने की सुविधा के लिए लगे दो नल लगाए गए हैं। एक नल की टोंटी टूट गई है। इससे लोग नल चालू तक नहीं कर पाते हैं। वहीं दूसरे नल के पास जमा गंदगी से पानी पीने तक की इच्छा नहीं होती।
-
क्षतिग्रस्त पड़ा फव्वारा
कंपनी बाग में सौंदर्यीकरण के लिए फव्वारा लगा है, जो अनदेखी के चलते क्षतिग्रस्त पड़ा है। इसके पाइप तक टूटे पड़े हैं। ऐसे में फव्वारा नहीं निकलता और यह शोपीस बना है।
-
मूत्रालय में पसरी गंदगी
पार्क में दोनों कोनों पर मूत्रालय बने हैं। महिला मूत्रालय का गेट क्षतिग्रस्त है। इसका गेट बंद ही नहीं होता है। ऐसे में महिलाओं को अधिक दिक्कत होती है। वहीं, पुरुष मूत्रालय में भी भारी गंदगी जमी है।
-
चंद्रशेखर उद्यान पार्क में मूत्रालय का गेट खराब होने व नल की टोंटी समेत अन्य अव्यवस्थाएं होने की जानकारी है, इसे जल्द ही ठीक कराया जाएगा।- परवेज खान, जिला उद्यान अधिकारी