सत्र 2018 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों की चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में विगत 26 सितंबर को माध्यमिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से समस्त जिला विद्यालय निरीक्षकों को परीक्षा नकल विहीन सम्पन्न कराने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्र स्थापित करने के लिए विद्यालयों के चयन के लिए समस्त हाईस्कूल व इंटर कॉलेजों से विद्यालय की भौतिक संसाधनों से संबंधित अधारभूत सूचनाएं मांगी है। विद्यालयों की सूची व सूचना परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कराना है। इसमें सबसे मुख्य बात यह है कि विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगे होना बेहत जरूरी है। बिना सीसीटीवी कैमरे वाले विद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा, क्योंकि इस बार की बोर्ड परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित कराई जानी है। जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद राजपूत ने समस्त प्रधानाचार्यों को 30 सितंबर तक आधारभूत जन सुविधाओं और सीसीटीवी कैमरे संबंधित समस्त सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।