झांसी। कानपुर बाईपास पर पिछले दिनों तेज रफ्तार ट्रॉला की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ट्रॉला चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। मध्य प्रदेश के गांव धमना थाना सरसई जिला दतिया निवासी साहब सिंह ने सीपरी बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें बताया कि 29 जून की रात उसका बेटा अंगद यादव बाइक से हेलमेट लगाकर सिमरधा से अपने घर धमना जा रहा था। रात करीब साढे दस बजे कानपुर बाईपास पर पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रॉला चालक ने गलत साइड में आकर बाइक में टक्कर मार दी। जिससे ट्रॉला के नीचे दबकर अंगद की मौत हो गई और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने साहब सिंह की तहरीर पर ट्रॉला चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। संवाद