ललितपुर। किशोरी के साथ मारपीट करने और बीच-बचाव करने आए ताऊ की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर के जुगपुरा मोहल्ला निवासी बबलू पाल ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि मोहल्ले के ही सोनू यादव, वीरन यादव, राजकुमारी, रोहित राजपूत, नागेश राजपूत, नीरज यादव, आशिक यादव, छोटे यादव, काजल यादव और वीरन यादव की पत्नी उसकी 13 वर्षीय बेटी पूनम और छोटी बेटी और बेटे को किसी न किसी बात को लेकर परेशान करते हैं। उसके घर के सामने कूड़ा-कचरा फेंकते हैं। पूनम जब मना करती है तो उक्त लोग उसके साथ गाली-गलौज करते हैं। 12 अगस्त की शाम करीब छह बजे पूनम कोचिंग से अपने घर पर आई। तभी सोनू यादव आया और गाली-गलौज करने लगा। रात करीब आठ बजे सभी आरोपी एकराय होकर आए और गाली देते हुए पुत्री को घर से बाहर बुला लिया। उसके बड़े भाई गंगाराम पाल ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने गंगाराम की पिटाई की। साथ में पूनम के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।