संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्रामीण के जान देने के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली अंतर्गत दैलवारा निवासी कमलेश ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वर्ष 2021 में वह पति गोकुल प्रसाद और पुत्री के साथ गुजरात के अहमदाबाद में मजदूरी करने गई थी। वहां घर पर उसकी नाबालिग पुत्री के साथ संजय निवासी ग्राम सातेज थाना कलोल गांधीनगर ने गलत काम किया था। 2 फरवरी 2021 को आरोपी संजय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया था। मुकदमा न्यायालय में है। उसका पति व पुत्री पेशी के लिए आते जाते रहे। आरोपी संजय के परिवारीजन ने उक्त मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बनाया। पेशी के दौरान उसे, उसके पति व पुत्री को जान से मारने की धमकी दी गई। दो अप्रैल की सुबह उसके पति के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया और मुकदमा में राजीनामा करने का दबाव बनाया और धमकी दी। उसके पति गोकुल प्रसाद ने घर के अंदर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी संजय के परिवारीजन व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।