ललितपुर। ललितपुर में दिल्ली जैसा हादसा हुआ है। तेज रफ्तार बेकाबू कार ने बाइक सवार दो पुलिसकर्मी और एक अन्य युवक को पीछे से टक्कर मार दी। तीनों को टक्कर मारने के बाद कार करीब 50 मीटर तक घसीटती ले गई। आसपास के लोगों ने दौड़कर कार को रोका और कार को पलटाकर नीचे दबे तीनों लोगों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
थाना मड़ावरा में तैनात सिपाही दिल्ली निवासी संजय दत्त पुत्र शिवदत्त अपने साथी आशीष सिंह (एसपी ऑफिस में तैनात सिपाही) के साथ पुलिस लाइन से बाइक पर सवार होकर बाजार की ओर जा रहे थे। कचहरी चौराहे पर सदनशाह की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बेकाबू कार उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारते हुए घसीटती हुई आगे बढ़ गई। इसके साथ ही वहां से निकले एक अन्य बाइक सवार सुनील जैन (4) पुत्र खूब चंद जैन भी कार की चपेट में आ गए। कार तीनों लोगों को करीब 50 मीटर घसीटते हुए ले गई। इस दौरान आसपास के लोगों ने तत्काल दौड़कर कार को रुकवाया।
लोगों ने कार चालक को बाहर निकालकर कार को पलटाकर उसके नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। साथ ही एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। राहगीरों के अनुसार कार चालक काफी तेजी से गाड़ी चलाकर आ रहा था और उसने कार के नीचे तीन लोगों के आने के बाद भी ब्रेक नहीं लगाए।