तालबेहट- जखौरा मार्ग पर दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : LALITPUR
जखौरा (ललितपुर)। थाना जखौरा अंतर्गत जखौरा-तालबेहट मार्ग पर गुलेंदा गांव के पास अचानक सड़क पर सामने गाय आ जाने से असंतुलित होकर एक कार सड़क से नीचे खेतों में बनी पत्थर बारी से जा टकराई, जिससे गाड़ी बड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे एक दंपत्ति समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें झांसी रेफर कर दिया। झांसी में सेंट्रल होटल के पीछे निवासी नंदकिशोर (50) अपनी पत्नी संगीता (45) एवं पुत्र जितेंद्र (18 ) के साथ अपनी कार से झांसी से जखौरा तालबेहट मांग पर गुलेंदा होते हुए मुगावली की ओर जा रहे थे। अभी उनकी कार ग्राम गुलेंदा के पास ही पहुंची थी अचानक से बीच सड़क पर एक गाय सामने आ गई, जिससे गाय को बचाने के चलते उन्होंने अपनी कार तेज रफ्तार में ही मोड़ दी, जिससे कार सड़क के नीचे बनी पत्थर बाड़ी से जाकर टकरा गई, जिससे वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गंभीर रुप से घायल हो गए और उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस को फोन किया। इसके बाद उन्हें जखौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें झांसी रिफर कर दिया। बताया गया कि नंदकिशोर झांसी में रेलवे में कार्यरत हैं।