बारातियों से भरी बोलेरो पेड़ से टकराई, छह घायल
मालथौन से ललितपुर आ रही थी बारात
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। मध्य प्रदेश के मालथौन से ललितपुर आ रही बारातियों से भरी एक बोलेरो कार ग्राम मसौराखुर्द के पास हाइवे पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे पांच बारातियों समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। मालथौन से एक बारात मंगलवार की रात को ललितपुर के लिए रवाना हुई। रात्रि करीब नौ बजे दूल्हे का पिता व अन्य बाराती बोलेरो कार से ललितपुर आ रहे थे। अभी बोलेरो ग्राम मसौरा खुर्द के नजदीक पहुंची थी कि हाइवे पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने बोलेरो कार ने अनियंत्रित होकर एक व्यक्ति को टक्कर मार दी और फिर पेड़ से जा टकराई, जिससे उसमें बैठे चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घायलों में जिला सागर अंतर्गत मालथौन के हरदोहा निवासी अरविंद (50) पुत्र नारायण प्रसाद, बीना के जवाहरचौक निवासी सौरभ चौबे (20), मालथौन निवासी संतोष कुमार तिवारी (51) , मालथौन निवासी श्रीकृष्णा (40 पुत्र रामऔतार, मालथौन निवासी अनूप शर्मा (60) पुत्र रामेश्वर प्रसाद शामिल हैं। वहीं, बोलेरो की टक्कर से ग्राम मसौराखुर्द निवासी हरदयाल (30) पुत्र दुर्जन लाल भी घायल हुआ है।