संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से 50 केंद्रों पर शुरू हो गईं। सुबह की पाली में हाईस्कूल की परीक्षा का हिंदी का पेपर हुआ, जिसमें 20046 छात्र-छात्राएं उपस्थित और 1113 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटर मीडिएट की परीक्षा हुई, जिसमें 13093 परीक्षार्थी शामिल और 489 अनुपस्थित रहे। हिंदी के सरल सवाल देख छात्र-छात्राएं काफी खुश नजर आए। आलाधिकारी केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर परीक्षा का जायजा लेते रहे।
पहली पाली में शामिल होने के लिए सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के परीक्षार्थी पहुंचने शुरू हो गए थे। छात्रों ने सबसे पहले नोटिस बोर्ड पर चस्पा सूची से अपने रोल नंबर के जरिए कक्ष की जानकारी ली। इसके बाद शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं की गहन तलाशी ली, फिर परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। सीसीटीवी की निगरानी में सुबह साढे़ आठ बजे से हिंदी का पेपर शुरू हुआ। पहले दिन सुबह की पाली में हाईस्कूल की परीक्षा में पंजीकृत 21159 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 20046 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिसमें 10822 छात्र और 9224 छात्राएं रहीं, जबकि 820 छात्र व 293 छात्राएं सहित कुल 1113 अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में इंटर का हिंदी साहित्य का पेपर दोपहर दो बजे से शुरू हुआ। पंजीकृत 13582 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 13093 ने परीक्षा दी, जिसमें 6699 छात्र और 6394 छात्राएं शामिल थे, जबकि 489 छात्र-छात्राएं दूसरी पाली में अनुपस्थित रहे। सचल दल, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहे और परीक्षा कक्ष में जाकर नकलचियों को खोजते रहे। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी की गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी होती रही। पहले दिन परीक्षा में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। परीक्षा देकर निकले छात्र-छात्राओं के चेहरे पर सुकून के साथ खुशी भी दिखाई पड़ी और वे एक दूसरे से पेपर कैसा गया, इस पर चर्चा करते देखे गए।
कक्षा - पंजीकृत - उपस्थित - अनुपस्थित
10वीं - 21159 - 20046 - 1113
12वीं - 13582 - 13093 - 489
योग - 34741 - 33139 - 1602
कंट्रोल रूम से की जा रही पल-पल की निगरानी
नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सचल दलों ने केंद्रों का भ्रमण कर हर कक्षा की सघन तलाशी ली। संदिग्ध दिखने वाले परीक्षार्थी की गहनता से तलाशी ली गई। वहीं, सीसीटीवी कैमरे की नजर में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों की पल-पल की निगरानी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम के जरिए की जाती रही।
-
दो केंद्रों पर वाणिज्य विषय का हुआ पेपर
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन दो परीक्षा केंद्र एसडीएस व पीएन इंटर कॉलेज में वाणिज्य विषय का पेपर हुआ। इसमें पंजीकृत 27 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 23 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि चार परीक्षार्थियों ने वाणिज्य विषय की परीक्षा नहीं दी।
फैक्ट फाइल
- 50 केंद्र व्यवस्थापक
- 50 वाह्य केंद्र व्यवस्थापक
- 50 स्टेटिक मजिस्ट्रेट
- 12 जोनल मजिस्ट्रेट
- 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट
- 6 सचल दल
फोटो-11
कैप्शन - अंजली यादव
कक्षा 10वीं की परीक्षा देकर निकली अंजली यादव ने कहा कि हिंदी का पेपर अच्छा रहा। पूरे प्रश्नों का उत्तर लिखा है। कुछ प्रश्न थोड़े कठिन थे, लेकिन बाद में उन्हें भी पूरा कर लिया। राजकीय बालिका विद्यालय में पेपर देने के बाद बाहर निकलीं आंचल शुक्ला और लक्ष्मी ने बताया कि हिन्दी का पहला पेपर बहुत कठिन नहीं रहा। सारे प्रश्न सामान्य रहे।
-
फोटो-12
कैप्शन- दीपांकर नागिल
कक्षा 10वीं की परीक्षा देकर बाहर निकले दीपांकर नागिल ने बताया कि परीक्षा के लिए पूर्व से तैयारी की थी। हिन्दी का पहला पेपर बहुत कठिन नहीं रहा। सारे प्रश्न सरल रहे।
फोटो-13
कैप्शन - विपिन यादव
कक्षा 10वीं के छात्र विपिन यादव ने कहा कि प्रश्नपत्र में पूछे गए सवाल पाठ्यक्रम में से आए थे। कुछ प्रश्नों को घुमाकर पूछा गया था, लेकिन अंत में उन प्रश्नों के उत्तर भी लिख दिए। पहला पेपर काफी अच्छा रहा।
-
फोटो- 14
कैप्शन - सुमित
कक्षा 10वीं के छात्र सुमित ने बताया कि परीक्षा देने से पूर्व कुछ बेचैन था, लेकिन प्रश्नपत्र में दिए गए प्रश्नों को जब देखा तो बेचैनी कम हुई और आसानी से प्रश्नों के उत्तर लिख दिए। पेपर काफी अच्छा गया है।
-
फोटो- 15
कैप्शन- मुस्कान
कक्षा 12वीं की छात्रा मुस्कान ने कहा कि हिंदी का पहला पेपर काफी अच्छा रहा। उम्मीद है कि हिंदी में अच्छे अंक मिलेंगे। प्रश्नपत्र में पूछे गए कुछ प्रश्न तो काफी सरल थे, लेकिन कुछ कठिन थे।
फोटो-16
कैप्शन - कल्पना
कक्षा 12वीं की छात्रा कल्पना ने कहा कि हिंदी का पेपर अच्छा रहा। प्रश्नों के उत्तर ठीक तरीके से दिए। कुछेक सवालों के उत्तर को लेकर थोड़ी बहुत उलझन हुई, लेकिन बाद में उनका भी उत्तर लिख दिया।
-
फोटो-17
कैप्शन - अर्शित पटेरिया
कक्षा 12वीं के छात्र अर्शित पटेरिया ने बताया कि हिंदी के पेपर को लेकर उसने खूब पढ़ाई की थी। प्रश्नपत्र में कुछ सवाल कठिन थे तो कुछ काफी सरल थे। पेपर काफी अच्छा रहा। अब आगे के पेपर की और अच्छी तरह से तैयारी करेंगे।
-
हाईस्कूल व इंटर मीडिएट की पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। जोनल, सेक्टर व सचल दल सहित अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहे। कंट्रोल रूम के जरिए परीक्षा की निगरानी की गई।
ओमप्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक