संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के सीजर प्रसव की सुविधा तो की गई है, लेकिन निश्चेतक विशेषज्ञ की कमी से लाभ नहीं मिल पा रहा है। यह हाल सीएचसी तालबेहट और महरौनी का है।
यहां कुल छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में महरौनी पर सीजर प्रसव के लिए ऑपरेशन थियेटर, ऑक्सीजन प्लांट जैसी कई सुविधाएं की गई हैं। स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्त भी की गई है। लेकिन, निश्चेतक विशेषज्ञ के अभाव में अब तक सीजर प्रसव की सुविधा नहीं हो सकी। सीएचसी तालबेहट में एक जनरल सर्जन नियुक्त हैं, साथ ही दो महिला चिकित्सक भी हैं। दोनों सीएचसी पर शासन ने निश्चेतक विशेषज्ञ की नियुक्ति की थी। महरौनी में चिकित्सक ने ज्वाइन ही नहीं किया, जबकि सीएचसी तालबेहट में नियुक्त निश्चेतक विशेषज्ञ डॉ. सोनिया ने कुछ दिन में ही सेवा छोड़ दी।
-
सीएचसी महरौनी और तालबेहट में निश्चेतक विशेषज्ञ की कमी है। आवश्यकता पड़ने पर जिला मुख्यालय से चिकित्सक को भेजा जाता है। प्रत्येक माह पांच-पांच प्रसव हो जाते हैं।
- डॉ. वीरेंद्र सिंह, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी