जनपद में स्थापित 11 विद्युत सब स्टेशनों में से आधा दर्जन से अधिक सब स्टेशनों पर अवर अभियंताओं की कमी है। ग्रामीण क्षेत्रों में एक अवर अभियंता पांच-पांच सब स्टेशनों का कार्यभार संभाल रहे हैं। ऐसे में विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से उपभोक्ताओं को दे पाना भी मुश्किल हो रहा है। कई बार तो एक साथ कई स्थानों पर फाल्ट आने की स्थिति में सुधार किया जाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में विद्युत अधिकारियों को काफी मुश्किल हो रही है, साथ ही जनपद में राजस्व वसूली व अन्य विद्युत कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं, इसके चलते अधिशासी अभियंता ने जनपद में विभाग में चल रही अवर अभियंताओं की कमियों को पूरा करने के लिए यहां तैनात तीन टीजी टू कर्मियों को अवर अभियंता बनाने की संस्तुति करते हुए एक पत्र विद्युत विभाग के अधिकारियों को भेज दिया है। तीन अतिरिक्त अवर अभियंता मिलने पर विद्युत विभाग में कई समस्याओं का निस्तारण हो सकेगा और विद्युत अधिकारियों को भी राहत मिल सकेगी। जिले की विद्युत व्यवस्था देखने के लिए अभी तक शहर में तीन सब स्टेशनों गल्ला मंडी स्थित 66 केवी सब स्टेशन एवं नझाई बाजार स्थित 33 केवी सब स्टेशन पर एक जेई पंकज मौर्य, बाईपास स्थित सब स्टेशन पर पर जेई एसपी सिंह व तालबेहट में श्रीनिवास महाकुंड अवर अभियंता के रूप में कार्यरत हैं। हालांकि, महरौनी व मड़ावरा सब स्टेशन पर टीजी टू प्रेम प्रकाश, सोजना में टीजी-टू हरीओम और पाली एवं विरधा सब स्टेशन पर टीजी टू रमेश प्रसाद द्वारा प्रभारी के रूप में अवर अभियंता का कार्य लिया जा रहा है। जबकि, तालबेहट में तैनात अवर अभियंता श्रीनिवास महाकुंड का स्थानांतरण अन्य जनपद कर दिया गया है। हालांकि, उन्हें अभी तक रिलीव नहीं किया गया है। लेकिन, शीघ्र ही विभागीय कार्यप्रणाली के चलते वे अन्य जनपद पहुंच जाएंगे, जिसके चलते अब दो अवर अभियंता ही जनपद की बागडोर संभालेंगे।