संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बल्क ड्रग पार्क के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस परियोजना के लिए सबसे जरूरी हवाई पट्टी के निर्माण की खातिर भूमि अधिग्रहण का काम करीब-करीब पूरा हो चुका है। पानी के लिए भी सिंचाई विभाग से स्वीकृति मिल गई है। जामनी बांध से आठ मिलियन क्यूबिक मीटर (एमसीएम) पानी की मांग की गई है।
तहसील महरौनी से करीब दस किलोमीटर दूर ग्राम सैदपुर में कृषि फार्म हाउस की 1500 एकड़ भूमि पर बल्क ड्रग पार्क का निर्माण प्रस्तावित है। चयनित जमीन पर बाउंड्रीवाल बनाने सहित अन्य प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। पानी के लिए सिंचाई विभाग से समझौता हुआ है। तीन सितंबर को शासन स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में यूपीसीडा और सिंचाई विभाग की बैठक हुई।
फार्मा पार्क के लिए पानी की आपूर्ति जामनी बांध से करने के निर्देश दिए। प्रथम तीन वर्षों में पांच एमएलडी और इसके बाद चार वर्षों में पांच एमएलडी से बढ़ाकर 25 एमएलडी पानी दिए जाने की स्वीकृति शासन ने दी है। बल्क ड्रग पार्क के लिए 25 एमएलडी पानी (9.125 एमसीएम) देने के लिए सिंचाई विभाग ने कार्ययोजना तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
तीन वर्षों तक पांच एमएलडी पानी आसानी से होगा उपलब्ध
बल्क ड्रग पार्क के लिए जो 1500 एकड़ भूमि अधिग्रहीत की गई है, उसकी सिंचाई जामनी बांध के नहर से होती थी। ड्रग पार्क के लिए इस भूमि का अधिग्रहण होने से 8.2 एमएलडी पानी (3 एमसीएम) की बचत होगी। इससे बल्क ड्रग पार्क के लिए पांच एमएलडी पानी आसानी से मिल जाएगा। कार्ययोजना में सिंचाई विभाग ने इसका उल्लेख किया है।
-
12.48 रुपये प्रति हजार घनफीट के हिसाब से करना होगा भुगतान
बल्क ड्रग पार्क के लिए जामनी बांध से दिए जाने वाले पानी का रेट सिंचाई विभाग ने 12.48 रुपये प्रति घनफीट के हिसाब से तय किया है। साथ ही पानी की राॅयल्टी की दर 6 लाख प्रति क्यूसेक प्रतिवर्ष रखी गई है। अधिकारियों के अनुसार बल्क ड्रग पार्क को पानी देने के बाद सिंचाई विभाग को प्रतिवर्ष करीब 12 से 14 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।
-
प्रस्तावित रेलवे लाइन बनेगी मददगार
सैदपुर में बनाए जाने वाले बल्क ड्रग पार्क में सामान की आपूर्ति के लिए महरौनी से सागर के लिए प्रस्तावित रेलवे लाइन काफी मददगार मानी जा रही है। इस रेलवे लाइन परियोजना के पूर्ण होने के बाद बल्क ड्रग को माल-भाड़ा सहित अन्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बल्क ड्रग पार्क को जामनी बांध से 25 एमएलडी पानी देने की स्वीकृति शासन द्वारा दी गई है। परियोजना के लिए पानी किस प्रकार से उपलब्ध कराया जाएगा, इसके लिए सिंचाई विभाग ने कार्ययोजना तैयार कर उच्च स्तर पर प्रेषित कर दी है।
इंजी. भूपेश सुहेरा, अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड