- बस स्टैंड से बैठाया, गांजे के बारे में पूछा, उड़ीसा से लौटे थे दोनों
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। उड़ीसा से लौटकर परिवार सहित बस का इंतजार कर रहे जीजा साले को पुलिसवाले बनकर आए युवक बस स्टैंड से कार में बैठाकर ले गए और गांजे के बारे में पूछताछ की। गांजा न मिलने पर मारपीट कर दोनों को रास्ते में उतार दिया। किसी प्रकार वह बस स्टैंड अपने पत्नी व बच्चों के पास पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम डोंगरा खुर्द निवासी नंदराम की ससुराल उड़ीसा में है। कुछ दिन पहले वह वहां गया था। बुधवार को पत्नी, बच्चों सहित साले और उसकी पत्नी-बच्चों के साथ आया और बस स्टैंड पर गांव जाने को पहुंच गया। यहां फिल्मी स्टाइल में कार वहां आई और उसमें से तीन-चार युवक उतरे। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते युवकों ने अपने आप को पुलिसवाले बताकर जीजा-साले को पकड़कर कार में बैठा लिया। यह देखकर दोनों युवकों की पत्नी व बच्चे रोने चिल्लाने लगे और कार के पीछे पीछे दौड़े। लेकिन कार तेजी से आगे निकल गई। इधर रास्ते में कार में सवार युवकों ने जीजा साले से उड़ीसा से गांजा लाने को लेकर पूछताछ की और मारपीट की। जब उन्हें गांजा नहीं मिला तो रास्ते में दोनों को पिसनारी के पास कार से उतार दिया। किसी प्रकार वह बस स्टैंड पर पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में जानकारी देते हुए शिकायत की।
- पीड़ितों से तहरीर ली जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर