संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्राम धौर्रा से बालाबेहट जाने वाले मार्ग पर ग्राम मुड़ारी से गुजरने वाली सौर नदी पर पुल बनाने की कवायद तेज हो गई है। राज्यमंत्री व स्थानीय विधायक मनोहर लाल पंथ ने इसके लिए सेतु निगम को एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए हैं।
सौर नदी पर पुल न होने के कारण ग्राम मुड़ारी के नागरिकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। यह गांव नदी के दोनों किनारों पर बसा है। स्कूली बच्चों को भी परेशानी होती है। बरसात के समय में लोगों को रस्सी बांध कर नदी पार करना होता है। हाल में एक ग्रामीण पर मगरमच्छ ने हमला भी कर दिया था। वह घायल हो गया था। इसके बाद ग्रामीण लगातार इस नदी पर पुल की मांग कर रहे हैं। जिलाधिकारी को ग्रामीणों ने प्रार्थनापत्र दिया था। राज्यमंत्री से पुल निर्माण की मांग उठाई थी। राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने बताया कि वह सोमवार को इस संबंध में मुख्यमंत्री व विभागीय मंत्री से चर्चा करेंगे, जिससे जल्द पुल निर्माण का प्रारंभ हो सके।