ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत कस्बा महरौनी के मड़ावरा रोड पर सोमवार की सुबह सड़क किनारे मिले शव की पहचान ग्राम छिल्ला निवासी गनेश (36) पुत्र ख्यामचंद अहिरवार के रूप में की गई। मृतक के पिता ख्यामचंद ने बताया कि उसका पुत्र शराब का आदी था और 14 फरवरी की रात को करीब दस बजे अचानक से घर से निकल गया। इसके बाद वह गांव में ही एक कलारी के पास देखा गया। पूरे दिन भर तलाश करने के बाद जब वह नहीं मिला, तो उसने खितवांस चौकी पुलिस को पुत्र के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने को प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर पुलिस ने महरौनी में मिले शव की फोटो दिखाई, जिस पर उन्होंने सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। मृतक की दो पुत्री व दो पुत्र हैं और उसकी दो बहनें हैं। मृतक के पिता ने यह भी बताया कि उसके पुत्र की बड़ी पुत्री की शादी अप्रैल में होनी थी। उसकी मौत होना और उसका शव भी गांव से कई किलोमीटर दूर महरौनी के मड़ावरा रोड पर मिलना पूरी तरह से संदिग्ध प्रतीत होता है। फिलहाल उसने अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।