ललितपुर। थाना कोतवाली के नई बस्ती क्षेत्र अंतर्गत बीना की ओर जाने वाली रेल लाइन पर शुक्रवार की सुबह मिले अज्ञात शव की पहचान नई बस्ती निवासी अमर सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना कोतवाली अंतर्गत नई बस्ती स्थित वीरांगना स्कूल के पास निवासी अमर सिंह साहू (50) पुत्र खल्के साहू करीब सात वर्ष से लकवा की बीमारी से परेशान चल रहा था। बीते शुक्रवार की सुबह अचानक से घर से बिना बताए कहीं निकल गया। जिसके बाद जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। वहीं, शुक्रवार को सुबह करीब दस बजे बीना की ओर जाने वाली अप रेल लाइन पर खंभा नंबर 1036 पर एक व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर नई बस्ती चौकी इंचार्ज संदीप सिंह सेंगर ने मौके पर पहुंचकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद शनिवार को समाचार पत्रों में मृतक के कपड़ों व हुलिया की जानकारी मिलने पर परिजनों ने नई बस्ती चौकी इंचार्ज से संपर्क किया और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त अमर सिंह के रुप में की। नई बस्ती चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतक को लकवा की शिकायत थी और उसका इलाज भी चल रहा था। मृतक के दो पुत्र हैं।