अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। केंद्रीय बजट को सत्तापक्ष ने जहां महिलाओं, किसानों सहित अन्य सभी के हित में बताया तो विपक्षी दलों ने कहा कि सरकार ने आम आदमी को फिर छला है। महंगाई कम करने को लेकर कोई योजना नहीं है। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलिंडरों के दाम कम नहीं किए। नौकरीपेशा और कारोबारियों की आयकर सीमा में छूट की उम्मीदों को भी तोड़ दिया। युवाओं को रोजगार के लिए ऐसी कोई योजना नहीं है, जिससे उन्हें लाभ हो सके। पेश है राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों से बातचीत के अंश।
-
सरकार ने दुग्ध किसानों को बढ़ावा देने, मत्स्य संपदा योजना में 55 लाख किसानों को रोजगार उपलब्ध कराने सहित महिलाओं के लिए भी कई योजनाएं शामिल की हैं। कुल मिलाकर बजट अच्छा है।-राजकुमार जैन, जिलाध्यक्ष भाजपा
किसानों, युवाओं और महिलाओं को छला गया है। बजट में महंगाई कम करने का कोई प्रयास नहीं किया गया। इसमें ऐसा कुछ नया नहीं है, जिसकी सराहना की जाए।-बलवंत सिंह राजपूत, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
बजट में महंगाई रोकने के कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। न तो घरेलू गैस सिलिंडर के दाम कम किए गए और न ही आयकर सीमा में छूट बढ़ाई है। आम जनता को इससे कोई लाभ नहीं मिलने वाला है।-नेपाल सिंह, जिलाध्यक्ष सपा
-
बजट से आम आदमी को महंगाई से कोई राहत मिलने वाली नहीं है। सिलिंडर और पेट्रोलियम पदार्थों के दामों पर भी कोई गिरावट का प्रावधान नहीं है, इससे गरीब वर्ग को कोई लाभ नहीं मिलेगा।-दयाराम अहिरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष बसपा