कड़ेसराकलां/तालबेहट। बाइक में पेट्रोल भरवा कर अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे बाइक सवार दो युवकों में तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के बाद मौके पर गई पुलिस ने घायल को सीएचसी और मृतक के शव को जिला मुख्यालय भेज दिया। शुक्रवार को सायंकाल साढ़े छह बजे के लगभग कोतवाली अंतर्गत ग्राम सभा बिजरौठा के मजरा बोलारी निवासी रामचरन रजक (49) पुत्र धर्मलाल अपने साथ पूरन (52) पुत्र बल्दू निवासी मबई जिला टीकमगढ़ मध्य प्रदेश के साथ बाइक से राजमार्ग पर कड़सेराकलां स्थित एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर अपने रिश्तेदार के यहां जा रहा था। जैसे ही रामचरन नेे पवा तिराहे के समीप बने कट से अंदर जाने के लिए अपनी बाइक को मोड़ा ललितपुर से झांसी की ओर तेज गति से जा रहे ट्रक ने बाइक में पीछें से जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक काफी दूूर गिर गई। मौके पर ही रामचरन की मौत हो गई। जानकारी के बाद मौके पर गई पुलिस ने घायल पूरन को सीएचसी तथा मृतक के शव को परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भिजवा दिया। जहां से पूरन को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। घटना से मृतक के परिवार में शोक छा गया। मृतक के दो पुत्र बताए गए है।