संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बाइक से ललितपुर आ रहे चाचा-भतीजे को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम महाराजपुर निवासी अंकित (28) व विकास विश्वकर्मा (23) निवासी ग्राम खजुरिया रिश्ते में चाचा-भतीजे लगते थे। शुक्रवार शाम दोनों एकसाथ बाइक द्वारा महरौनी से ललितपुर की ओर आ रहे थे। वे लोग ग्राम पटसेमरा के पास पहुंचे थे कि ललितपुर की ओर से तेज रफ्तार भाग रही सवारियों से भरी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख आसपास मौजूद गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतकों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। मृतक अंकित तीन भाइयों में बड़ा था, जबकि विकास दो भाई-एक बहन में बड़ा था। अंकित व विकास खेती-किसानी करते थे।
ललितपुर से मऊरानीपुर जा रही थी बस
बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मारने वाली बस ललितपुर से सवारियों को बैठाकर टीकमगढ़-मऊरानीपुर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक तेजी से बस चला रहा था। इस कारण सामने महरौनी की ओर से आ रही बाइक को टक्कर मार दी और दोनों युवकों की मौत हो गई।
-
बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकाें की मौत होने के बाद दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए मोरचरी में रखवा दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर