संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पड़वा में शनिवार रात बस स्टैंड के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई।
पड़वा का जोधन कुशवाहा (38) रात करीब सवा नौ बजे बाइक से अपने घर आ रहा था। बस स्टैंड के निकट तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस से तत्काल उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इधर मौका पाकर चालक वाहन लेकर भाग गया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि वह खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक के तीन बच्चे खुशीराम, खेमचंद, बेटी नेहा है। कोतवाली प्रभारी रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना किस वाहन से हुई, अभी यह पता नहीं चल सका है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
हादसे की वजह सड़क क्रॉस कर रही एचटी लाइन
बानपुर-महरौनी रोड पर पड़वा के समीप जिस जगह दुर्घटना हुई, वहां ऊपर से रोड क्रॉस करते हुए हाईटेंशन लाइन निकली है, इसके कारण ऊंचे वाहनों को निकलने में असुविधा होती है। तार छूने के डर से वाहन गलत साइड से निकलने की कोशिश करते हैं। आसपास के लोगों का कहना है कि इसी के चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं।