झांसी। भाजपा से महापौर प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य तीन बार मऊरानीपुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। एक बार प्रदेश सरकार में उन्हें मंत्री भी बनाया गया। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में मऊरानीपुर सीट बीजेपी की सहयोगी पार्टी अपना दल-एस के खाते में चली जाने से उन्हें टिकट नहीं मिल पाया था।
बिहारी लाल ने पहली बार 1991 में मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ा और 96 मतों से हार गए। दूसरी बार 1993 में मऊरानीपुर विधानसभा से कांग्रेस से ही चुनाव लड़ा और विधायक बन गए। 1996 में कांग्रेस से ही चुनाव लड़कर लगातार दूसरी बार विधायक बने। वह 1997 से 2002 तक प्रदेश सरकार में मंत्री भी रहे। इसके बाद वह तीन विधानसभा चुनाव हारे।
छह मई 2016 को उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। 2017 में भाजपा के प्रत्याशी के रूप में मऊरानीपुर से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 2022 में मऊरानीपुर सीट अपना दल-एस के खाते में चली जाने की वजह से उन्हें टिकट नहीं मिल पाया। वह राजनीति में सक्रिय बने रहे। झांसी महापौर की सीट आरक्षित होते ही उन्होंने टिकट की दावेदारी पेश कर दी। भाजपा ने रविवार रात में जो सूची जारी की, उसमें झांसी से बिहारी लाल आर्य को मेयर का प्रत्याशी घोषित कर दिया। उनकी बेटी इंजीनियर भारती आर्य भी राजनीति में सक्रिय हैं और भाजपा से बंगरा ब्लॉक प्रमुख हैं।
मैं जनसेवक, हर व्यक्ति होगा मेयर: बिहारी
महापौर प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य ने कहा कि अगर वह चुनाव जीतते हैं तो जनसेवक के रूप में काम करेंगे और हर व्यक्ति मेयर होगा। एक-एक पैसा विकास कार्य पर खर्च होगा। गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। झांसी में एयरपोर्ट बनकर तैयार हो, इसके लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे। स्वच्छ झांसी हो, इसके लिए भी काम किया जाएगा। जनसमस्याओं को प्रमुखता से हल कराया जाएगा। उन्होंने प्रत्याशी बनाने पर भाजपा नेतृत्व का आभार भी जताया।