झांसी। बहुजन समाज पार्टी से नगर निगम के महापौर पद का चुनाव पार्टी के पुराने कार्यकर्ता भगवानदास फुले लड़ेंगे। बसपा ने रविवार की देर रात इसकी घोषणा की। इसके अलावा नगर पालिका व नगर पंचायतों के प्रत्याशी भी घोषित किए।
बसपा के महापौर पद के प्रत्याशी भगवान दास फुले की गिनती पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं में होती है। वह कांशीराम के दौर से वे बसपा से जुड़े हुए हैं और बामसेफ के जिला संयोजक भी रहे। वहीं, बसपा ने समथर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कय्यूम खान, चिरगांव से नितिन दीक्षित, बरुआसागर से आरती कुशवाहा, मऊरानीपुर से संतीदीन श्रीवास व गुरसराय नगर पालिका से अतीक उद्दीन को प्रत्याशी बनाया है।
जबकि, नगर पंचायत टोड़ी फतेहपुर से दीप्ति पांडेय, रानीपुर से कोरी विजय कंचन, मोंठ से अनामिका, एरच से बाबूलाल कुशवाहा, गरौठा से सोनू विश्वकर्मा व बड़ागांव से रमा कुशवाहा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है।
भूपेंद्र ने किया नामांकन, बगावत के आसार
झांसी। बहुजन समाज पार्टी के पुराने नेता भूपेंद्र आर्या ने रविवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही उन्होंने बसपा से बगावत का संकेत दिया है। भूपेंद्र पार्टी के पुराने नेताओं में से एक हैं और कई प्रमुख पदों पर रह चुके हैं। लेकिन, पिछले कुछ समय से वह संगठन में अलग-थलग पड़े हुए हैं। उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल कर बसपा की सियासत गरमा दी है। वहीं, सूत्रों के अनुसार सोमवार को बसपा अपना महापौर पद प्रत्याशी बदल भी सकती है।