संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सदनशाह बाबा की मजार पर रविवार से उर्स का आगाज हो गया। पहले दिन लोगों ने बाबा की मजार पर चादर चढ़ाकर अमन चैन की दुआ मांगी। देर रात में मुशायरा शुरू होगा, जिसमें कई नामी शायर शिरकत करेंगे।
कौमी एकता के प्रतीक अजीमुश्शान हजरत बाबा सदनशाह रहमत उल्ला अलैह की दरगाह पर बड़ी तादाद में जायरीनों ने चादर पेश की। शाम को धूमधाम से नूरानी चादरों का भी सिलसिला शुरू हुआ। कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न संगठनों व दरगाह के मुजाबिर ने गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाल कर चादर चढ़ाई। यहां चारों ओर जायरीन ही दिखाई दे रहे थे। दरगाह के पास तबरूख, चादर व फूलों की दुकानें सजी हैं।
देश में अजमेर शरीफ के बाद दूसरा सबसे बड़ा सालाना इजलास का आयोजन जिले में किया जाता है। इस वर्ष चादर शरीफ के अलावा अन्य कार्यक्रमों में हर रोज पचास हजार से अधिक लोगों के सम्मिलित होने का अनुमान है। एसडीएम सदर चंद्रभूषण प्रताप सिंह व सीओ सदर अभय नारायण राय ने यहां व्यवस्था का जायजा लिया। मेला परिसर में साफ सफाई, बिजली, पानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। असलम कुरैशी, उर्स कमेटी के सदर हाजी बाबू बदरुद्दीन कुरैशी, महासचिव हाजी साबिर अली, नायब सदर अब्दुल रहमान कल्ला, रमजानी दादा, अबरार अली आदि व्यवस्था में लगे रहे।
.............
ये पेश करेंगे मुशायरा
रविवार रात में यहां होने वाले मुशायरे में मंजर भोपाली, इकबाल अजहर (दिल्ली), कमल वर्मा एसपी (एटा) कासगंज, शकील आरफी (फर्रुखाबाद), शाहिद अंजुम हिमाचल प्रदेश, हाजी असरार चंदेवरवी (चंदेरी), राजीव रियाज (प्रतापगढ़), अफजल इलाहाबादी, वसीम झन्झानवी (शामली), शकील कुरैशी झांसवी, अबरार दानिश (मौदहा), अबरार कासिफ अमरावती (महाराष्ट्र), करीब असर, जहरी ललितपुरी, इंद्रेश कुमार अपने कलाम पेश करेंगे।
-
अंतरराष्ट्रीय कव्वाल पेश करेंगे फन
- एक अप्रैल को आफताब हासिम साबरी, कव्वाल महाराष्ट्र टीवी सिंगर व इंटरनेशनल फेम।
- दो अप्रैल को सरफराज चिश्ती, कव्वाल संभल, मुरादाबाद टीवी सिंगर व इंटरनेशनल फेम।
- तीन अप्रैल को शाकिब अली कव्वाल मेरठ टीवी सिंगर व इंटरनेशनल फेम।