ललितपुर-पाली। बेटियाें की शिक्षा को लेकर जागरूक एसडीएम डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय जन चौपाल के दौरान उस वक्त अपने को नहीं रोक सके जब एक लड़की ने कहा कि वह बीए में प्रवेश लेना चाहती है लेकिन परिवार की आर्थिक तंगी के कारण वह कॉलेज में प्रवेश तक नहीं ले सकी। इस पर एसडीएम ने उस लड़की की बीए की पढ़ाई की जिम्मेदारी लेते हुए उसे प्रवेश से लेकर तीन साल की फीस व किताबों के खर्च को वहन करने का आश्वासन दिया।
पाली तहसील क्षेत्र ग्राम मगरपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जन चौपाल में कस्बा निवासी सुखलाल की पुत्री कुमकुम ने कहा कि वह इंटर पास करने के बाद घर पर बैठ गई है। उसके परिवार के पास इतना पैसा नहीं कि वह उसका बीएम में प्रवेश के साथ किताबों की व्यवस्था कर सकें। इस वजह से उसका प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना पूरा नहीं हो सकता। बेटी के हौसले को देख एसडीएम ने उसके परिवार की जानकारी करने के बाद कहा कि उसे बीए कराने के लिए तीन साल की फीस,कॉपी व किताबों आदि का खर्च वह देंगे। एसडीएम की इस घोषणा की चौपाल में मौजूद ग्रामीणों ने सराहना की।