ललितपुर। जिलाधिकारी आलोक सिंह ने शहर में सड़क हादसों की रोकथाम व यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अवैध वाहनों के संचालन पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना परमिट के वाहन चलते मिलने पर चालक का लाइसेंस निरस्त कर उसे गिरफ्तार करें। साथ ही ट्रैक्टर ट्रॉली में रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। यह बातें कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क-सुरक्षा समिति की बैठक में कही।
डीएम ने कहा जनपद में अवैध वाहन सड़कों पर नजर नहीं आना चाहिए। प्रत्येक रूट पर परमिट जारी किए गए हैं। इसके बाद बिना परमिट के अवैध वाहन चलते पाए गए तो संबंधित का लाइसेंस निरस्त कर गिरफ्तारी की जाए। तालबेहट के पास दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र बम्हौरीसर बाईपास व आईटीआई तालबेहट के पास सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सर्विस रोड बनाया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग अधिकारियों को निर्देश दिया है। बच्चों को सड़क सुरक्षा के सुबह प्रार्थना के समय जागरूक किया जाएगा। टोल प्लाजा कर्मियों को प्रत्येक ट्रेक्टर-ट्राली पर रिफ्लेक्टर लगवाने व चालकों का आई टेस्ट कराने के लिए सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं।
शहर में यातायात को सुगम व हादसों की रोकथाम के लिए चिह्नित स्थानों स्टैंडों से ही टैक्सी का संचालन किया जाएगा। इसके लिए यातायात प्रभारी को निर्देशित किया। शहर में अतिक्रमण से वाहनों को आवाजाही में हो रही समस्या को लेकर पालिका के अधिशाषी अधिकारी को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। शहर में नजाई बाजार से शहजाद नदी पुल तक अतिक्रमण को पूरी तरह से हटाकर फुटपाथ, पानी स्टैंड पोस्ट व शौचालाय बनवाए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने ईओ को निर्देश दिए गए हैं। अंत में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी एसएल गौड ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस बक्शी, अग्रणी जिला प्रबंधक कुमार गौरव, अधिशासी अधिकारी निहाल चंद्र, सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।