पति सहित चार ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एाजेंसी
ललितपुर। छह माह की गर्भवती के साथ मारपीट कर उसे जहरीली दवा पिलाने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने पति सहित चार ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम गुंदरापुर निवासी द्रौपदी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 20 मई 2022 को अभयराज से हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही पति अभयराज, ससुर जालम, सास मीरा और जेठ अंकित उस पर मायके से दहेज में पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगे थे। वह छह माह की गर्भवती है। 15 जुलाई की रात को ससुरालीजनों ने मारपीट की और भूखा प्यासा रखा।
16 जुलाई को आरोपी ससुर ने उसके परिवार वालों को घर बुलाया तो दोपहर 12 बजे उसके दादा पंचू व चाचा जयराम उसकी ससुराल पहुंचे। उन्होंने ससुरालीजनों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, ससुरालीजन नहीं माने और गाली-गलौज कर उसके दादा व चाचा के सामने ही उसे लात-घूंसों व बेल्ट से पीटने लगे।
उन्होंने बीच बचाव करने आए दादा व चाचा के साथ भी मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके मुंह में जबरन जहरीली दवा डालने की कोशिश की और उसका सामान छीनकर उसे ससुराल से बाहर निकाल दिया। इतना ही आरोपियों ने बाइक भी तोड़ दी। पुलिस ने आरोपी ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।