संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घंटाघर स्थित सदर चौकी के सामने शनिवार को एक ग्रामीण ने शरीर पर डीजल डालकर आग लगा ली। आसपास के लोगों ने उस पर कपड़ा डालकर किसी तरह आग बुझाई। आग से चेहरा और सीना झुलस गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चबूतरे पर कब्जे के मामले में कोई कार्रवाई न होना घटना का कारण बताया।
सदर चौकी के सामने दोपहर करीब 3.15 बजे एक व्यक्ति आया और जय श्रीराम के नारे लगाते हुए उसने एक बोतल में भरा डीजल अपने ऊपर डालकर माचिस से आग लगा ली। लपटों से घिरे व्यक्ति को देख वहां लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने उस पर कपड़ा डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक व्यक्ति का चेहरा, सिर व सीना झुलस गया था। सदर चौकी पुलिस को आत्मदाह का प्रयास करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम विनोद कुमार (40) निवासी चौबयाना सराफा बाजार कस्बा तालबेहट बताया। उसने कहा कि घर के पास एक चबूतरा है, जिस पर विपक्षी अपने मकान का दरवाजा लगाकर कब्जा कर रहे हैं, जबकि उस स्थान का मामला न्यायालय में चल रहा है। इसकी शिकायत कई बार पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे, उसे ही डराया-धमकाया जा रहा था।
शनिवार को विपक्षी ने पुन: दरवाजा लगाना शुरू किया। इसकी शिकायत करने वह पुलिस के पास गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। लगातार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से वह दुखी था। आत्मदाह का प्रयास करने वाले विनोद नामदेव को जिला अस्पताल लाया गया, यहां उसे भर्ती कर लिया गया। चिकित्सकों के अनुसार विनोद का शरीर करीब 15 फीसदी झुलसा है। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, सीओ सदर अभय नारायण जिला अस्पताल पहुंचे और घटना के कारणों की जानकारी ली।
कोर्ट में मामला चलने के बाद भी कर रहा निर्माण
विनोद नामदेव ने बताया कि चबूतरे वाले स्थान का मामला न्यायालय में है। वहां कोई निर्माण न हो, इसके लिए कोर्ट से स्टे है। बावजूद इसके विपक्षी उक्त स्थान पर दरवाजा लगा रहा था।
-
विपक्षी पर लगाया झूठी शिकायतें करने का आरोप
विनोद ने बताया कि विपक्षी उस पर दबाव बनाने के लिए अपने घर की महिलाओं व बेटियों से उसके खिलाफ पुलिस में शिकायतें कराता है। तरह तरह के आरोप लगवाता है। उक्त शिकायतों को लेकर पुलिस उसे परेशान करती है।
-
पुलिस ने कहा, दोनों पक्षों में हुआ था समझौता
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विनोद नामदेव का अपने पड़ोसी से चबूतरे के स्वामित्व को लेकर न्यायालय में वाद चल रहा है। शनिवार को इस मामले में नपा अध्यक्ष की उपस्थिति में एक समझौता हुआ था। तय हुआ था कि दूसरा पक्ष अपनी दीवार बना लेगा और चबूतरे से कोई छेड़छाड़ नहीं करेगा। दूसरे पक्ष ने पीड़ित की कोई शिकायत नहीं की है और न ही मुकदमा दर्ज कराया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
-
विनोद ने अपने शरीर पर कोई ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया था। उसके हाथ व चेहरे पर हल्के जलने के निशान हैं। चिकित्सकाें ने पीड़ित की हालत खतरे से बाहर बताई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। -अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक