फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: डामर की आपूर्ति हुई कम... 15 करोड़ से बन रहीं नौ सड़कों का निर्माण ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
- लोगों को सड़कों के गड्ढों से नहीं मिली निजात
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पहले सड़कों के निर्माण में बजट न मिल पाने और टेंडर न हो पाने जैसे कारण बाधा बनते थे, मगर अब डामर की कमी ने झांसी-ललितपुर में 15 करोड़ से बन रहीं नौ सड़कों के निर्माण कार्य पर ब्रेक लगा दिया है। मथुरा रिफाइनरी से पहले जहां ऑर्डर लगाने के अगले दिन डामर मिल जाता था, मगर अब मांग बढ़ने से डामर की आपूर्ति तीन-चार दिन बाद हो रही है। समय पर डामर न मिलने से ठेकेदार परेशान हैं। वहीं लोगों को गड्ढों से निजात नहीं मिल पा रही है।
झांसी मंडल में सड़कों के निर्माण के लिए डामर की आपूर्ति आईओसीएल मथुरा से होती है। यहां से पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अलावा निजी तौर पर ठेकेदार डामर लेते हैं। अब तक ठेकेदारों को डामर ऑर्डर लगाने के अगले दिन मिल जाता था, लेकिन अब डामर की आपूर्ति में समय लग रहा है। लोनिवि के अफसर बताते हैं प्रदेश के हर जिले में बड़े स्तर पर तेजी से सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा है। प्रदेश में मध्य जून से मानसून शुरू हो जाता है। ऐसे में हर ठेकेदार और विभाग अपने डामर सड़क के निर्माण कार्य बारिश से पहले निपटाना चाहता है। इसके चलते डामर की मांग बढ़ गई है। लोनिवि अफसर बताते हैं कि इन दिनों आईओसीएल की रिफाइनरी के बाहर डामर के लिए ट्रकों की लाइन लग रही है।
विज्ञापन

वहीं झांसी नगर निगम के ठेकेदार नरेश साहू ने बताया कि मथुरा रिफाइनरी से डामर खरीदकर लाते हैं। इन दिनों डामर की मांग ज्यादा है। ऐसे में रिफाइनरी से डामर मिलने में अब वेटिंग शुरू हो गई है। 26 अप्रैल को जिन लोगों ने डामर खरीद के लिए पैसा जमा किया था, उन्हें बृहस्पतिवार को डामर मिल पाया है। डामर मिलने में देरी होने से काम में बाधा आ रही है।
-
झांसी में दो करोड़ की पांच सड़कों का निर्माण अटका
डामर मिलने में देरी से झांसी में सड़कों के निर्माण में पेच फंस गया है। नगर निगम ने शहर में दो करोड़ से पांच सड़कों के निर्माण और पेचवर्क कराने के लिए टेंडर निकाला है। यहां नारायण बाग मार्ग, शिवाजी नगर में मुर्गा मछली मार्केट, चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति से स्टेशन रोड समेत चार-पांच जगहों की सड़क बननी है। इसके अलावा जगह-जगह टूटी पड़ीं पांच-छह सड़कों का पेचवर्क कराया जाना है।
-

ललितपुर में 13 करोड़ की चार सड़कों के निर्माण पर लगा ब्रेक
ललितपुर में चार सड़कों का निर्माण डामर की कमी से रुक गया है। बीते माह 13.30 करोड़ से शुरू हुआ 96 किमी लंबी सड़कों का निर्माण महज दो-चार किमी तक ही हो सका। ललितपुर से जखौरा होकर तालबेहट जाने वाला मार्ग, ललितपुर से राजघाट मार्ग, जखौरा से राजघाट मार्ग समेत एनएच 44 घटवार से पाली मार्ग का निर्माण अप्रैल में शुरू किया गया था। इन सड़कों के गड्ढे भरकर डामर की एक लेयर डाली जानी थी। लेकिन डामर की कमी हो गई। समय पर डामर न मिलने से निर्माण पूरी तरह बंद हो गया है।
विज्ञापन



फैक्ट फाइल
सड़क - निर्माण राशि - लंबाई (किमी.)
जखौरा- राजघाट मार्ग - 4.50 करोड़ - 20 किमी.
ललितपुर- राजघाट मार्ग - 3.80 करोड़ - 20 किमी.
ललितपुर-जखौरा तालबेहट - 3.70 करोड़ - 40 किमी.
एनएच 44 घटवार-पाली मार्ग - 1.30 करोड़ - 16 किमी.
-
कुल - चार सड़क - 13.30 करोड़ - 96 किमी.
-
डामर की आपूर्ति न हो पाने के कारण सड़कों का निर्माण रुक गया है। जल्द ही मिलने की उम्मीद है। एक सप्ताह में कार्य शुरू हो जाएंगे।
- राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड, ललितपुर
-
ठेकेदार डामर देर से मिल पाने की समस्या बता रहे हैं। वैसे इस तरह की समस्या ठंड के दिनों में आती थी। मगर इस बार मई में यह समस्या आ रही है। हालांकि, सड़कों की नाली और साइड पटरी का काम करा रहे हैं। समय पर ही सभी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। - एसके सिंह, मुख्य अभियंता, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें