संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नवीन गल्ला मंडी में मूंगफली, उड़द, सोयाबीन व अन्य प्रकार की जिंसों की आवक बढ़ गई है। मंगलवार को मंडी में 15 से 18 हजार क्विंटल उपज की आवक हुई। मंडी के बाहर रोड तक ट्रैक्टर व अन्य वाहनों की कतार लगी रही।
खरीफ फसलों की मड़ाई के बाद अब मंडी में आवक बढ़ गई है। मंगलवार को बड़ी मात्रा में आवक होने से जहां मंडी परिसर अनाज व इससे लदे वाहनों से पटा रहा, वहीं बाहर रोड के दोनों ओर ट्रैक्टरों की कतार लगी रही। यातायात विभाग द्वारा वाहनों को एक कतार में लगवाने से जाम की स्थिति नहीं बनी।
मंडी में सबसे अधिक आवक लगभग सात हजार क्विंटल मूंगफली की हुई। यहां 3500 से 5000 हजार रुपये क्विंटल तक बिक्री हुई। वहीं, छह हजार क्विंटल सोयाबीन की आवक हुई, जो 3800 से 4300 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक्री हुई। गेहूं भी 2500 क्विंटल आया। 1500 क्विंटल हरी मटर व 1000 क्विंटल उड़द व अन्य उपज लगभग एक हजार क्विंटल आई। मंडी में नीलामी चबूतरा ही नहीं सड़कों पर भी कारोबार हुआ।
-
इन दामों पर हुई अनाज की बिक्री
अनाज - दाम
उड़द - 6000-8400
मूंग - 6500-7000
सोयाबीन - 3800-4300
मसूर - 6000-6300
गेहूं - 2750-2800
मटर सफेद - 3300-3500
मटर हरी - 12000-15000