संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी ( ललितपुर)। बसपा को एक और झटका लगा है। बार से जिला पंचायत सदस्य लीलाधर दुबे उर्फ कुल्लू बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। हाल में जिला पंचायत सदस्य अमर विश्वकर्मा भी बसपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम चुके हैं। हालांकि, उनका भाजपा से पुराना नाता रहा है। वह वर्ष 1994- 95 में भाजपा के युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने लखनऊ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ व सदर विधायक रामरतन कुशवाहा की उपस्थिति में सदस्यता ली है।
दो बार जिला पंचायत सदस्य रहे लीलाधर दुबे का पारिवारिक राजनीतिक इतिहास भी मजबूत है। इनके पिता काशीनाथ दुबे ग्राम बांसी के 30 वर्ष तक प्रधान रहे हैं। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में विभिन्न दायित्वों का उन्होंने निर्वहन किया है। जनसंघ व भाजपा के लिए वह समर्पित रहे हैं। कुल्लू दुबे नेहरू महाविद्यालय छात्र संघ का अध्यक्ष बनने के बाद राजनीति में सक्रिय हुए और भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बने। इसके बाद सपा सरकार में सपा में एवं बसपा सरकार में बसपा में रहे। विगत जिला पंचायत चुनाव कुल्लू दुबे ने बसपा से बार से चुनाव लड़ा और विजयी रहे। पिछले दो चुनाव में बांसी से एक बार स्वयं और और एक बार अपनी पत्नी को जिला पंचायत सदस्य जिताने में सफल रहे।
दो बार अविश्वास प्रस्ताव लाकर जिला पंचायत अध्यक्ष बदलवाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। इस बार लम्बे समय से भाजपा में आने की जुगत में थे। आखिर भाजपा में आने में सफल हो गए। उन्होंने इसे घर वापसी बताया है। भाजपा में शामिल होने पर उनके समर्थकों में खुशी की लहर है।