संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चिटफंड कंपनी एलयूसीसी पर लगातार शिकंजा कस रहा है। सोमवार को महरौनी पुलिस ने चिटफंड कंपनी से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आम लोगों को कम समय में दोगुना रुपया होने का लालच देकर चिटफंड कंपनी एलयूसीसी में हजारों करोड़ रुपये धोखाधड़ी से जमा करने पर विभिन्न थाना-कोतवाली में मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं। अभी तक मुख्य आरोपी सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष को गिरफ्तार करने में पुलिस टीमें जुटी हैं। सोमवार को महरौनी कोतवाली में दर्ज मुकदमे के आरोपी विवेक चतुर्वेदी निवासी ग्राम पठाविजयपुरा को ग्राम पठाविजयपुरा से गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि वह लोग कंपनी के एजेंट के तौर पर काम करते हैं। इस कंपनी में वह लोग लालच देकर अब तक कई लोगों को जोड़ चुके हैं। पांच वर्ष में धन दोगुना करने का लालच देकर हजारों करोड़ का निवेश करा चुके हैं। रुपया आपस में बांट कर अपने शौक व जरूरतें पूरी करते हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस टीम में कोतवाली महरौनी प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, अतिरिक्त निरीक्षक उदयवीर सिंह आदि मौजूद रहे।