थाना नाराहट अंतर्गत कनकद्दर जलप्रपात पर सेल्फी लेने के दौरान पैर पानी में बह गए युवक का शव गोताखोरों ने 24 घंटे बाद नदी से बरामद किया।
कस्बा मड़ावरा निवासी सोमिल उर्फ आकाश जैन (18) पुत्र राकेश कुमार जैन दोस्तों के साथ बुधवार को सुबह कनकद्दर जलप्रपात घूमने गया था। दोपहर करीब बारह बजे नहाने के दौरान सेल्फी लेते समय पत्थर पर काई लगने की वजह से उसका पैर फिसल गया और नदी की तेज धार में युवक बह गया। साथियों एवं वहां मौजूद लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। इसकी जानकारी मध्य प्रदेश के मालथौन थाना पुलिस के माध्यम से कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने बुधवार रात को घटना स्थल पर पहुंचकर नदी में गिरे युवक की गोताखोरों से तलाश शुरू करा दी, लेकिन जंगल में रात अधिक होने के चलते उसकी खोजबीन नहीं की जा सकी। बृहस्पतिवार को सुबह पुलिस ने जाखलौन व बांसी से गोताखारों को बुलाकर उसकी खोजबीन शुरू की। जिस पर चौबीस घंटे बाद गोताखोरों की मदद से पुलिस ने शव को बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के चाचा सुनील कुमार जैन ने बताया कि सोमिल दो भाइयों में छोटा था और बीए में प्रवेश लिया था। बुधवार को वह दोस्तों के साथ वह कनकद्दर घूमने गया था।
दुर्घटना की बनी रहती है आशंका
ज्यादातर यहां ऊबड़-खाबड़ जगह है और कहीं सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। इस तरह की घटनाएं पूर्व में भी हो चुकीं, लेकिन पानी का बहाव कम होने से लोगों को बचाने में सफलता मिल जाती थी, लेकिन इस बार पानी का अधिक तेज बहाव होने कारण कोई मदद के लिए आगे नहीं आ सका। उधर, जहां जलप्रपात पर प्रतिदिन सैकड़ों सैलानी पहुंचते थे, लेकिन अब यह घटना होने से अन्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ देखने को मिली, इसकी वजह बहुत से लोगों में भय का माहौल है।
घटनास्थल पर पत्थर काफी हैं, खोखली जगह में शव फंसा था, टीम ने शव निकाल लिया है। परिजनों को शासन की ओर से आर्थिक मदद मिलेगी। यह प्राकृतिक स्थान है, सुरक्षा के प्रबंध किए जाएंगे ताकि कोई घटना घटित न हो।
-डॉ.संतोष उपाध्याय, एसडीएम पाली।