कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक सप्ताह पहले सदनशाह के आगे लूट के मामले में पूछताछ के लिए लाए गए एक युवक ने कोतवाली के शौचालय में उस समय हार्पिक पी लिया, जब सफाई कर्मी शौचालय में सफाई कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया।
ग्राम दैलवारा, हाल शहर के मोहल्ला जुगपुरा, पटौरा रोड निवासी निर्बल पाल पुत्र बालमुकेंदी 14 अक्तूबर को सुबह करीब साढ़े दस बजे सुपर मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आई दूसरी किस्त के 1,49,700 रुपये निकालकर अपने ले लिए जा रहा था। जब वह सदनशाह के आगे सिद्घन रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास ही पहुंचा था कि तभी दो अज्ञात बाइक सवार उसका रास्ता रोककर उससे रुपये लूटकर भाग गए थे।
पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बैंक व आसपास के सीसीटीवी खंगालते हुए जांच शुरू कर दी, जिसमें कोतवाली पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग भी मिले, जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास शुरू कर दिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को सुबह इलाइट चौराहा के पास से एक युवक को हिरासत में पूछताछ के लिए कोतवाली ले आए, लेकिन कुछ ही देर बाद युवक लघुशंका के लिए शौचालय में गया, तो वहां चल सफाई कर्मी द्वारा की जा रही सफाई के लिए चलते वहां रखा हार्पिक उठाकर उसने गटक लिया।
सफाई कर्मी ने यह देख तत्काल शोर मचाया और उसके हाथ से हार्पिक की शीशी छीन ली। वहीं हार्पिक पीते ही उसे उल्टियां होने लगीं, जिस पर पुलिस कर्मियों ने तत्काल इसकी जानकारी कोतवाल को दी और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। बताया गया कि उक्त युवक मध्य प्रदेश के मुगावली का रहने वाला है और वह पूर्व में शादीघरों में लूट की वारदातों में शामिल रहा है।
लूट के मामले में आरोपी को पूछताछ के लिए लाया गया था, लेकिन जब वह शौचालय गया तो वहां सफाई कार्य होने के चलते उसने वहां रखा हार्पिक मुंह में भर लिया, जिस पर सफाई कर्मी ने हार्पिक की शीशी छीन ली, जबकि युवक ने बाहर आकर मुंह में भरा हार्पिक उगल दिया। एहतिआतन उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत ठीक है।
- संतोष कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली