संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर-महरौनी। तहसील क्षेत्र के सुनवाहा हल्का के लेखपाल का किसानों से अतिवृष्टि से हुए फसल नुकसान के कागजात के साथ रुपये लेते हुए वीडियो वायरल होने पर डीएम अक्षय त्रिपाठी ने लेखपाल को निलंबित कर एसडीएम राजबहादुर को जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जानकारी होते ही तहसील में कुछ लेखपालों के साथ काम कर रहे बाहरी लोग इधर उधर खिसक गए।
महरौनी तहसील क्षेत्र के सुनवाहा हल्का लेखपाल अपने घर पर बैठ कर किसानों से अतिवृष्टि से हुए नुकसान की राहत राशि वितरण के लिए कागजों के साथ रुपये ले रहे थे। इसका किसी किसान ने वीडियो बना कर वायरल कर दिया। डीएम ने आरोपी लेखपाल को तत्काल निलंबित कर जांच एसडीएम को सौंप दी। इसकी जानकारी मिलते ही लेखपालों में खलबली मच गई। शुक्रवार को तहसील परिसर व लेखपालों के बैठने वाले कमरों के अंदर बाहर किसान अपने अपने आवश्यक कागज लेकर दिन भर घूमते रहे। हालांकि, कुछ लेखपाल तहसील में अपना काम करते रहे।