गेहूं की खरीद आज से शुरू होगी। समर्थन मूल्य 1925 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इसके लिए जिले में 85 सेंटर बनाए गए हैं। हालांकि, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होने के कारण गल्ला मंडी को बंद कर दिया गया है। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना बहुत जरूरी है। खरीद के दौरान क्रय केंद्र प्रभारी सहित अन्य कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा एवं चेहरे पर मास्क लगाना अनिवार्य होगा। गेहूं के सभी खरीद केंद्रों पर साबुन रखा जाएगा, ताकि किसानों के हाथ धुलवाए जा सकें। किसानों की अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था बनाई गई है। गेहूं की बिक्री के इच्छुक किसान क्रय केंद्र प्रभारियों से संपर्क कर संभावित दिनांक का अनुरोध करेंगे। इस पर संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी द्वारा एक सप्ताह के अंदर ऑनलाइन टोकन जनरेट किया जाएगा। इसकी सूचना किसान के पंजीकरण प्रपत्र पर दर्ज मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से पहुंचाई जाएगी।