बिरधा/ललितपुर। कस्बा स्थिति विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत ग्राम पटौआ में ट्रांसफार्मर खराब होने से चार दिन से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप है।
बिरधा स्थित 33 केवी उपकेंद्र में स्थापित पटौवा फीडर के ग्राम पंचायत पटौवा में चार दिन पहले सौ केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। विभागीय लापरवाही के चलते यह ट्रांसफार्मर अब तक नहीं सुधारा जा सका है। इस ट्रांसफार्मर से गांव में 80 कनेक्शन हैं जिसमें से लगभग 70 से 75 उपभोक्ताओं के बिल जमा हैं। एक ओर सरकार दावा करती हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलवाया जाए लेकिन पटौवा गांव के कई लोगों ने विद्युत विभाग के टोलफ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी इसे नहीं बदलवाया गया। इससे उपभोक्ताओं को बिना बिजली के परेशान होना पड़ रहा है। उमस और बरसात के मौसम में गांव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। बिजली नहीं आने से गांव में अंधेरे में जहरीले कीड़ों के काटने का डर बना हुआ है।