ललितपुर। थाना कोतवाली के चौकी दैलवारा अंतर्गत ग्राम सिलगन में एक युवक की ट्रेन से कटने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम सिलगन निवासी जमील खां (36) पुत्र उस्मान खां की काफी दिनों से मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसका ग्वालियर में मानसिक बीमारी का इलाज चला, लेकिन ठीक नहीं हुआ। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे वह सो रहा था कि अचानक उठा और दरवाजा खोलकर भागने लगा। यह देख परिजन उसके पीछे भागे और उसके रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह तेजी से दौड़ता हुआ रेल पटरियों पर पहुंच गया। सिलगन रेलवे गेट के पास खंभा नंबर 330 के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अपने सामने युवक को ट्रेन से कटता देख परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर दैलवारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई गफूर खां ने बताया कि जमील खां की मानसिक स्थिति सही नहीं थी और उसका ग्वालियर में इलाज कराया गया, लेकिन ठीक नहीं हुआ। बृृहस्पतिवार को सुबह उठकर भागकर ट्रेन की पटरियों पर पहुंच गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।